*खबर दृष्टिकोण संवाददाता,*
*गोला खीरी।* चंद्रशेखर आज़ाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के अंतर्गत संचालित कृषि विज्ञान केंद्र जमुनाबाद, लखीमपुर खीरी द्वारा “जनजातीय गौरव वर्ष पखवाड़ा” के तहत पलिया विकासखंड के ग्राम गोबरौला में थारू जनजातीय उत्थान के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में केंद्राध्यक्ष डॉ. एस.के. विश्वकर्मा ने किसानों को वैज्ञानिक विधि से कृषि, पशुपालन और उद्यानिकी फसलों की आधुनिक तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया ताकि वे कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकें। डॉ. प्रदीप कुमार बिसेन ने किचन गार्डन में बोई गई सब्जियों का अवलोकन करते हुए जैविक खेती के फायदे बताए, वहीं डॉ. मोहम्मद सुहैल ने पालक, मूली, सोया व धनिया जैसी उन्नत प्रजातियों की तकनीकी जानकारी दी।
प्रसार वैज्ञानिक डॉ. जिया लाल गुप्ता ने ग्रामीणों को उद्यमिता और विपणन तकनीक के बारे में बताया, जबकि डॉ. एन.के. त्रिपाठी ने पशुपालन और दुग्ध व्यवसाय के वैज्ञानिक पहलुओं पर चर्चा की। इस कार्यक्रम में लगभग 45 ग्रामीणों ने भाग लेकर अपने जीवन स्तर को सुधारने की दिशा में उपयोगी जानकारी प्राप्त की।
