(खबर दृष्टिकोण) बाराबंकी। जिले के घुंघटेर थाना क्षेत्र में एक युवक का शव खेत में बनी एक झोपड़ी में संदिग्ध हालात में मिला है। मृतक के शरीर पर चोट और झोपड़ी की थुनिया में खून के निशान मिले हैं। इससे युवक की हत्या की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक घुंघटेर थाना क्षेत्र के बजगहनी का अरविंद कुमार (35) पुत्र रामपाल प्रतिदिन की भांति शुक्रवार रात करीब आठ बजे बजगहनी-रैंगवा संपर्क मार्ग पर पुल के पास खेत में बनी झोपड़ी में रखवाली के लिए गया था। अगले दिन सुबह देर तक घर न लौटने पर माता प्रसाद की बिटिया कविता उसे देखने तो उसे तख्त पर अरविंद का शव पड़ा मिला। इसकी जानकारी उसने घर आ कर दी, तब घर के सभी लोग मौके पर पहुंचे और लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। अरविंद के शरीर, छाती और गले में चोट के निशान हैं। झोपड़ी की थूनी में खून लगा मिला है, और दाहिना हाथ टूटा हुआ है। माता प्रसाद के अनुसार करीब 15 वर्ष पूर्व अरविंद उसको आईआईएम सड़क लखनऊ में घूमता मिला था, जिसे वह अपने साथ ले आए थे। तब से वह घर के सभी काम करता था, और खेतों की रखवाली भी करता था। अरविंद ने उन्हें बताया था, कि उसकी बुआ कुर्सी के निकट मदारपुर में रहती थी। माता प्रसाद उसे लेकर बुआ के वहां गए थे, और उसके बाद अरविंद के पिता की मौत पर भी गए थे। तब उन्होंने अरविंद से कहा कि तुम जहां रहना चाहते हो वहां रहो, तो अरविंद ने वहां रहने से मना कर दिया था, और यही रह रहा था। अरविंद के पिता ने सब जगह की जमीन बेच दी थी, और बाबा हो गए थे। माता प्रसाद ने अरविंद की हत्या की आशंका जताई है, और पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया है। वहीं इस संबंध में घूंघटेर थानाध्यक्ष से बात करने की कोशिश की गई, तो संपर्क नहीं हो सका। वहीं इस मामले को लेकर क्षेत्राधिकार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, रिपोर्ट से हत्या के कारण का पता चलेगा।
