Breaking News

जेवर में एक नया एयरपोर्ट बनाया जा रहा, इसी के बगल में फिल्म सिटी बनाई जा रही, वहां मेडिकल डिवाइस पार्क की स्थापना भी की जा रही

 

वर्ष 2017 में प्रदेश का सी0डी0 रेशियो मात्र 44 प्रतिशत, आज
यह 60 प्रतिशत से अधिक, इस वर्ष इसे 65 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य

मुरादाबाद में गुरु जम्भेश्वर के नाम पर अपना विश्वविद्यालय बनने जा रहा

ख़बर दृष्टिकोण लखनऊ।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने कहा कि नए भारत का नया उत्तर प्रदेश प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के विजन को जमीनी धरातल पर उतारने में अग्रणी भूमिका का निर्वहन कर रहा है। जनपद मुरादाबाद भी तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। आज जनपद मुरादाबाद में 400 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है। इनमें 156 परियोजनाएं अकेले कुन्दरकी विधानसभा क्षेत्र के विकास से जुड़ी हुई है।
मुख्यमंत्री आज जनपद मुरादाबाद के आर्यभट्ट इण्टरनेशनल स्कूल परिसर में आयोजित वृहद रोजगार मेला तथा ऋण वितरण कार्यक्रम के अवसर पर अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने जनपद मुरादाबाद के विकास की 401 करोड़ रुपये लागत की 292 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में 205 करोड़ रुपये लागत की 167 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 196 करोड़ रुपये लागत की 125 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। रोजगार मेले के दौरान विभिन्न श्रेणियों की 81 कम्पनियों में 7,220 अभ्यर्थियों को सेवायोजित किया गया। उद्यम प्रोत्साहन के माध्यम से विभिन्न ऋण आधारित योजनाओं के अन्तर्गत लाभार्थियों को 175 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि ऋण के रूप में प्रदान की गयी। कार्यक्रम में 2,500 छात्र-छात्राओं को टैबलेट प्रदान किए गए।
मुख्यमंत्री ने मण्डल के गजेटियर के द्वितीय संस्करण का विमोचन किया। उन्होंने पाकबड़ा मार्ग पर स्थित द्वार का स्व0 कुंवर सर्वेश सिंह के नाम पर नामकरण किया। मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न कम्पनियों द्वारा इण्टरव्यू के लिए लगाए गए स्टाॅल का अवलोकन किया एवं युवाओं का उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री जी ने रोजगार मेले में सभी युवाओं का अभिनन्दन करते हुए कहा कि यह मेला प्रदेश के ऊर्जावान और होनहार युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के अभियान के क्रम में आयोजित किया गया है। मुरादाबाद और आसपास के क्षेत्र में राष्ट्रवाद और विकास के मिशन का प्रचार-प्रसार करने के लिए समर्पित पूर्व सांसद कुंवर सर्वेश सिंह की स्मृतियों को नमन करने का अवसर भी प्राप्त हुआ है। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के गेट का नामकरण कुंवर सर्वेश सिंह द्वार किया गया है। मुरादाबाद में उनके नाम पर एक पार्क की स्थापना के कार्यों का शिलान्यास आज किया गया है। पार्क में उनकी प्रतिमा भी स्थापित होगी। कुंवर सर्वेश सिंह एक निर्भीक और सच्चे राष्ट्रभक्त थे। वह मुरादाबाद और बिजनौर के विकास के लिए सदैव तत्पर रहते थे। उनमें कार्य करने का जज्बा और समर्पण का भाव था। संकट के दौर में अपनी जान की परवाह किए बगैर वह मुरादाबादवासियों के साथ खड़े रहते थे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि मुरादाबाद के हस्तशिल्पियों तथा कारीगरों का लोहा दुनिया मानती है। लगभग 15 से 20 हजार करोड़ रुपये के ब्रास उत्पाद मुरादाबाद से एक्सपोर्ट हो रहे हैं। अब मुरादाबाद भी किसी से पीछे नहीं रहेगा, बल्कि यह उसी प्रकार उत्तर प्रदेश के विकास का ग्रोथ इंजन बनेगा, जिस प्रकार उत्तर प्रदेश देश के विकास का ग्रोथ इंजन बन रहा है। युवाओं के सपनों को उड़ान देने के लिए सरकार के पास विजन होना चाहिए। अगर सरकार ठान ले, तो असम्भव को सम्भव कर सकती है। इसके लिए योग्य सरकार होनी चाहिए। इस प्रकार के लोगों को मजबूत करना होगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2017 के पहले उत्तर प्रदेश में पर्व और त्योहारों पर दंगे होते थे। सभी पर्व और त्योहार दहशतपूर्ण माहौल में मनाये जाते थे। व्यापारियों का सम्मान नहीं होता था और बेटियां भी सुरक्षित नहीं थी। अन्नदाता किसानों के हित भी सुरक्षित नहीं थे। नये उत्तर प्रदेश में विगत साढ़े सात वर्षों में कोई भी दंगा नहीं हुआ है। सभी पर्व और त्योहार शान्तिपूर्ण तरीके से मनाये जा रहे हैं। बेटियां और व्यापारी सुरक्षित हैं। व्यापारियों को 10 लाख रुपए का सुरक्षा बीमा कवर उपलब्ध कराया गया है। आज व्यापारियों का व्यवसाय फल-फूल रहा है। प्रदेश में युवाओं को नौकरी और रोजगार मिल रहा है, प्रदेश का विकास भी हो रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि मुरादाबाद जनपद के मूंढा पाण्डे एयरपोर्ट से वायु सेवा भी प्रारम्भ हो चुकी है। इस वायु सेवा का उपयोग युवा, व्यापारी और यहां के नागरिक कर रहे हैं। मुरादाबाद भी अब एयर कनेक्टिविटी से जुड़ चुका है। जनपद मुरादाबाद के 100 किलोमीटर के दायरे में जेवर में एक नया एयरपोर्ट बनाया जा रहा है, जो देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट होगा। इसी के बगल में फिल्म सिटी बनाई जा रही है। वहां मेडिकल डिवाइस पार्क की स्थापना भी की जा रही है। यह पार्क लाखों नौजवानों को नौकरी देगा। मुरादाबाद एक्सपोर्ट का एक नया हब बनकर उभरेगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में विकास के अनेक कार्य हो रहे हैं। गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण हो रहा है। लखनऊ-मुरादाबाद-दिल्ली हाई-वे फोर लेन की बेहतरीन कनेक्टिविटी से जुड़ चुका है। आज गांव का विकास हो या एक्सप्रेस-वे और हाई-वे का निर्माण, यह सभी कार्य प्रदेश में तेजी के साथ आगे बढ़ रहे हैं। स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन से रोजगार का सृजन भी हुआ है। 02 करोड़ युवाओं को प्रदेश में ही नौकरी और रोजगार मिला है। वर्ष 2017 में प्रदेश का सी0डी0 रेशियो मात्र 44 प्रतिशत था। आज यह 60 प्रतिशत से अधिक हो गया है। इस वर्ष इसे 65 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री  ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरियों में भाई-भतीजावाद होता था। बेरोजगार युवा नौकरी की तलाश में अन्य राज्यों की ओर पलायन करते थे। प्रदेश का परसेप्शन बहुत खराब था। आज प्रदेश में कानून व्यवस्था की सुदृढ़ स्थिति एवं भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों तथा अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति का परिणाम है कि प्रदेश के नौजवान को हर जगह सम्मान मिलता है।
मुख्यमंत्री  ने कहा कि हमारी सरकार ने साढ़े छह लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी प्रदान की है। आज उन्होंने मुरादाबाद की डाॅ0 भीमराव आम्बेडकर उत्तर प्रदेश पुलिस अकादमी में 74 पुलिस उपाधीक्षकों की दीक्षान्त परेड में सलामी ली है। यह नौजवान उत्तर प्रदेश पुलिस बल का हिस्सा बने हैं। विगत 23, 24, 25, 30 और 31 अगस्त को 60,200 से अधिक पुलिस भर्ती के लिए 10 चरणों में परीक्षा सम्पन्न हुई है। यह भर्ती प्रक्रिया नकलविहीन तथा शुचितापूर्ण तरीके से सम्पन्न हुई है। 60,200 से अधिक युवा इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से उत्तर प्रदेश पुलिस बल का हिस्सा बनने जा रहे हैं। यह नियुक्ति प्रक्रिया सम्पन्न होने के बाद 40,000 पुलिस भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अगले दो वर्षों में 02 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब तक 1,60,000 से अधिक पुलिस भर्ती की गई है, इनमें 20 प्रतिशत पद बेटियों को प्राप्त हुए हैं। विगत दिनों 60,200 पदों के लिए आयोजित हुई भर्ती प्रक्रिया में भी 20 प्रतिशत बेटियां भर्ती की जाएगी। आज डाॅ0 भीमराव आम्बेडकर उत्तर प्रदेश पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय मुरादाबाद में आयोजित दीक्षान्त समारोह में 74 पुलिस उपाधीक्षक में से 18 बेटियां थी। यह दर्शाता है कि प्रदेश सरकार के प्रयास जमीनी धरातल पर दिखाई दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बेहतर कानून व्यवस्था के कारण प्रदेश में हुए निवेश से एक करोड़ से अधिक नौजवानों को नौकरी देने जा रहे हैं। अब उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य नहीं है, बल्कि अब यह देश के विकास का ग्रोथ इंजन बनकर नम्बर 02 की अर्थव्यवस्था बन चुका है। अगले तीन से चार वर्षो में प्रदेश को देश की नम्बर 01 अर्थव्यवस्था बनाना है। तब उत्तर प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय भी तीन से चार गुना हो जाएगी।
मुख्यमंत्री  ने कहा कि विकास के कार्य युवाओं के सपनों को उड़ान देने के लिए किए जाने वाले प्रयास है। हमें जाति, मत और मजहब के आधार पर बांटने और सामाजिक ताने-बाने को छिन्न भिन्न करने वाले लोगों की कुत्सित मंशा से सावधान रहना होगा। हमारा सिद्धांत है कि हम सुरक्षा और सम्मान सबको देंगे, लेकिन तुष्टीकरण किसी का नहीं करेंगे। प्रधानमंत्री जी ने सबका साथ और सबका विकास का नारा दिया है, इसमें कोई भी भेदभाव नहीं करना है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज युवाओं को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए रोजगार मेले का आयोजन किया गया है। मुरादाबाद में 50 कम्पनियों को आना था। 10,000 नौजवानो को रोजगार दिए जाने का लक्ष्य रखा गया था। जबकि यहां 100 कम्पनियां आयी हैं। 15,000 लोगों को रोजगार मिला है। अब आपको और उत्तर प्रदेश को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता है। आज प्रदेश में सुरक्षा भी है, सामाजिक सुरक्षा भी है और सम्मान भी है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विकास की यह प्रक्रिया अनवरत चलती रहेगी। मुरादाबाद में गुरु जम्भेश्वर के नाम पर अपना विश्वविद्यालय बनने जा रहा है। अब मुरादाबाद के नौजवानों को उच्च शिक्षा के लिए अन्यत्र नहीं जाना होगा। केन्द्र और राज्य की डबल इंजन सरकार आपको सुरक्षा और सम्मान दे रही है। आपकी आस्था का सम्मान भी कर रही है और रोजगार का सृजन भी कर रही है। सुरक्षा और समृद्धि का यह संगम विकसित भारत के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हमें विभाजनकारी ताकतों से सावधान रहना होगा। डबल इंजन सरकार आपके साथ खड़ी है और आपकी हर संभव मदद करने के लिए तत्पर है। आप भी अपने सपनों को साकार करने के लिए सरकार की योजनाओं का हिस्सा बनिए। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण अभियान के अन्तर्गत वितरित हो रहे टैबलेट इसी का हिस्सा है। इस टैबलेट में केन्द्र और राज्य सरकार की रोजगार से सम्बन्धित सभी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध है।
मुख्यमंत्री  ने कहा कि अब हमारे खिलाड़ी भी पीछे नहीं रहेंगे। प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार ने मेरठ में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचन्द के नाम पर प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय के निर्माण की कार्यवाही आगे बढ़ायी है। हॉकी इण्डिया अपने गौरव को फिर से आगे बढ़ा रही है। हॉकी इण्डिया ने लगातार दूसरे ओलम्पिक में मेडल जीता है। पिछली बार हॉकी इण्डिया में उत्तर प्रदेश से एक खिलाड़ी था। इस बार उत्तर प्रदेश से दो खिलाड़ी थे। मुजफ्फरनगर की बेटी सुश्री प्रीति पाल पेरिस में आयोजित पैरालम्पिक खेलों में अब तक दो मेडल जीत चुकी है। मुख्यमंत्री जी ने सुश्री प्रीति पाल को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार इन सभी खिलाड़ियों को एक बड़े समारोह में सम्मानित करने का कार्य करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह खिलाड़ी देश के लिए खेलते हैं। आप भी परिश्रम कीजिए और आगे बढ़िए। यह हमेशा ध्यान रखें कि हमारा सब कुछ देश के नाम होना चाहिए। देश से बढ़कर कुछ भी नहीं है। हमारा देश सुरक्षित रहेगा, तो हम भी सुरक्षित रहेंगे। तभी हम समृद्धि के सपने को साकार करने के लिए परिश्रम कर पाएंगे। इसका रास्ता व्यक्तिगत कर्तव्यों के पालन से होकर जाता है। प्रधानमंत्री जी ने जिन पंचप्रण की बात की है, उसमें नागरिक कर्तव्य सर्वोपरि है। नागरिक कर्तव्यों का पालन कर ही हम सफलता की नई ऊंचाइयां प्राप्त कर सकते हैं।
ज्ञातव्य है कि लोकार्पित परियोजनाओं में मुरादाबाद पुलिस लाइन में 200 पुलिस कर्मियों के लिए हॉस्टल का निर्माण कार्य, अग्निशमन केंद्र बिलारी हसनपुर में आवासीय भवनों का निर्माण, एन0सी0ए0पी0 निधि से प्राप्त धनराशि के अंतर्गत ग्रीन हेरीटेज ट्रायंगल में लगे वृक्षों का संरक्षण, आई0ई0सी0 तथा हेरीटेज रोड पर अन्य विकास कार्य, आशियाना योजना स्थित डॉ0 भीमराव आम्बेडकर नेचर पार्क एवं लाइब्रेरी का विकास कार्य तथा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान मुरादाबाद का उन्नयन कार्य सम्मिलित है।
शिलान्यास की गयी परियोजनाओं में मुरादाबाद-मछरिया-लालाटीकर-रौंडा झौंडा चैराहा से मनकरा मुंडापांडे संपर्क मार्ग का चैड़ीकरण कार्य, एन0एच0 24 रोड, साई अस्पताल से गांगन तिराहे तक रोड पर ग्रीन बेल्ट प्लांटेशन एवं अन्य विकास कार्य, एन0एच0 49 पर कांठ रोड पर पी0ए0सी0 तिराहे से फोटान अस्पताल तक ग्रीन बेल्ट प्लांटेशन एवं अन्य विकास कार्य, कुन्दरकी-डिंगरपुर-रतनपुर कला-पाकबड़ा मार्ग का सुधारीकरण, एन0एच0 49 पर पीली कोठी से लोको शेड पुल तक ग्रीन बेल्ट प्लांटेशन व अन्य विकास कार्य, विकास खण्ड कुन्दरकी की ग्राम पंचायत रतनपुर कला में ग्रामीण स्टेडियम का निर्माण कार्य प्रमुख रूप से सम्मिलित है।

About Author@kd

Check Also

कैपीसिटी बिल्डिंग आफ ड्रग रेगुलेटर्स” विषयक तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ सम्पन्न

    ख़बर दृष्टिकोण लखनऊ   उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व व निर्देशन …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!