खबर दृष्टिकोण संवाद
जौनपुर, बदलापुर। भाजपा के मंडल अध्यक्ष शनि शुक्ल और राजस्व विभाग की टीम के बीच हुए विवाद का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। हालांकि इस वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की जा सकी है।
जानकारी के अनुसार, राजस्व कानूनगो सुरेंद्र राय के नेतृत्व में पुलिस बल के साथ टीम नेवादा मुरीदपुर गांव में एक मार्ग की पैमाइश करने पहुंची थी। इसी दौरान ग्रामीणों ने इसकी सूचना स्थानीय भाजपा मंडल अध्यक्ष शनि शुक्ल को दी। मौके पर पहुंचे शुक्ल ने राजस्व कर्मियों से पैमाइश के आदेश के बारे में पूछताछ की, जिस पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई और मामला विवाद में बदल गया।
मंडल अध्यक्ष शनि शुक्ल का कहना है कि संबंधित भूमि विवाद पहले से दीवानी न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद राजस्व टीम बिना किसी सक्षम अधिकारी के आदेश के पहुंच गई थी। जब आदेश दिखाने को कहा गया तो कानूनगो उनसे उलझने लगे। उधर, राजस्व निरीक्षक से इस मामले में संपर्क नहीं हो सका है।
इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।