खबर दृष्टिकोण
आफताब आलम अंसारी
ब्यूरो,कुशीनगर।
भारतीय हॉकी के गौरवशाली 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को हॉकी इंडिया के तत्वावधान में हॉकी एसोसिएशन उत्तर प्रदेश एवं जिला खेल कार्यालय कुशीनगर के संयुक्त आयोजन में महिला एवं पुरुष वर्ग के बीच मैत्री हॉकी मैच का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर अजय कुमार त्रिपाठी, अध्यक्ष हॉकी संघ कुशीनगर तथा प्रियेश पांडेय, सचिव हॉकी संघ द्वारा किया गया। उद्घाटन अवसर पर उपस्थित लोगों ने भारत में हॉकी के स्वर्णिम इतिहास को नमन करते हुए मेजर ध्यानचंद के योगदान को याद किया।
जिला क्रीड़ा अधिकारी रवि कुमार निषाद ने बताया कि यह आयोजन भारतीय हॉकी की गौरवशाली यात्रा के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में खिलाड़ियों को प्रेरित करने और खेल भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया गया है।
पहला मैच कुशीनगर रेड (बालिका) बनाम कुशीनगर पिंक (बालिका) टीमों के बीच खेला गया, जो निर्धारित समय में 1–1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। निर्णायक पेनाल्टी स्ट्रोक में कुशीनगर पिंक ने 2–0 से जीत दर्ज की।
दूसरा मैच कुशीनगर व्हाइट (बालक) बनाम कुशीनगर ब्लू (बालक) के बीच हुआ, जिसमें रोमांचक मुकाबले के बाद कुशीनगर ब्लू टीम ने 2–1 से जीत हासिल की।
मैच के समापन पर विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया, साथ ही जिले के वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जवाहरलाल मुंशी,आज़ाद अंसारी, सत्येंद्र सिंह, विनीत बंटी, दिनेश सिंह, कविंद्र सिंह, चंदन दूबे, सुनील प्रजापति, सुधीर त्रिपाठी, डॉ. रामानुज पांडेय, टी.एन. राय, शिवशंकर तिवारी, के.पी. सिंह, संजय मणि त्रिपाठी, बाबू नंद सिंह, अख्तर हुसैन, अरविंद गोंड, सफीकुर हन्नास, सूरज कुमार, दुर्गावती, पंकज यादव, धीरेन्द्र प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में अजय कुमार त्रिपाठी, अध्यक्ष हॉकी एसोसिएशन कुशीनगर ने सभी खिलाड़ियों, अधिकारियों और दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “यह आयोजन जिले में हॉकी खेल के पुनर्जीवन का प्रतीक है, और आने वाले समय में ऐसे प्रतियोगिताओं से नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा।”
