साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतज़ामों पर दिया विशेष जोर
खबर दृष्टिकोण
आफताब आलम अंसारी
ब्यूरो,कुशीनगर।
आगामी छठ पर्व के मद्देनज़र श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने हेतु विधायक कुशीनगर पी.एन.पाठक, जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर,पुलिस अधीक्षक कुशीनगर,तथा नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि ने शनिवार को कसया क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान घाटों की साफ-सफाई व्यवस्था,प्रकाश व्यवस्था,जलस्तर, बैरिकेडिंग,आगमन एवं निर्गमन मार्गों की स्थिति का बारीकी से जायज़ा लिया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण कर ली जाएं।
विधायक पी.एन.पाठक ने कहा कि “छठ पर्व श्रद्धा और आस्था का प्रतीक है, अतः श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए।”
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि घाटों पर पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती, स्वच्छता व्यवस्था और अस्थायी प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाएगी,ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न उत्पन्न हो। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि ने बताया कि नगर क्षेत्र में सफाई कर्मियों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई है तथा घाटों पर अस्थायी प्रकाश व्यवस्था की समुचित तैयारी की जा रही है।
निरीक्षण के पश्चात जिलाधिकारी ने कसया बाजार में हॉट पैड निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया और कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति एवं पारदर्शिता की समीक्षा की। उन्होंने नगर पंचायत के ईओ को निर्देश दिए कि कार्य में तेजी लाएं और गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी,नगर पंचायत कर्मचारी और स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छठ पर्व को स्वच्छ,सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना रहा।
