बदायूं, पति के निधन के बाद से गांव बरामालदेव में अपने पिता के घर रह रही महिला से उसके ससुराल पक्ष के लोग जबरन बेटी छीन कर ले गए। आरोप है कि ससुर और देवर कार से बदमाश लाए और तमंचे व असलहों के बल पर बेटी को उठा ले गए। महिला के पिता ने रोकने का प्रयास किया तो उसकी पिटाई कर दी। महिला ने उझानी थाना पुलिस को अपने ससुर, देवर समेत पांच लोगों के खिलाफ तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।बरामालदेव निवासी भगवान दास ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी कंचन का विवाह मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव रसूला निवासी श्याम कुमार के बड़े बेटे सचिन कुमार के साथ किया थी। लेकिन विवाह के कुछ दिन बाद ही सचिन की मौत हो गई। इसके बाद बेटी कंचन ने एक बच्ची को जन्म दिया। इसके बाद से बेटी कंचन उनके साथ ही रह रही थी। बताया कि अब कंचन की बेटी सोना डेढ़ वर्ष की हो चुकी है। भगवानदास ने बताया कि बुधवार रात करीब दस बजे कंचन के ससुराल पक्ष से उसके ससुर श्याम कुमार, देवर सुदेश कुमार एक कार से तीन अन्य दबमाशों के साथ उनके घर आए और तमंचे व असलाहों के बल पर उनकी नातिन सोना का अपहरण कर ले जाने लगे।उन्होंने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उन लोगों ने असलहों के बट और लाठी डंडों से उनकी पिटाई कर दी। भगवानदास ने गुरुवार को थाने जाकर पुलिस को कंचन के ससुर व देवर के खिलाफ अपहरण करने व मारपीट करने की तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में इंस्पेक्टर विजेंद्र सिंह ने बताया कि दो परिवारों का आपसी विवाद है। बातचीत की जा रही है। अगर हल नहीं निकलता तो मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
