जिम्मेदारों को दिए जल्द पूरा करने के निर्देश
अंकिता पांडेय कालपी जालौन
कालपी जालौन :- जिला प्रशासन के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल वीरांगना लक्ष्मीबाई प्रतिमा एवं पार्क के निर्माण की हकीकत को परखने के लिए जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कार्यस्थल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित समय पर काम पूरा किया जाये।
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार तथा उप जिलाधिकारी कृष्ण कुमार सिंह के साथ जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन बुंदेलखंड के प्रवेशद्वार यमुना नदी किनारे हाइवे रोड पर पहुंची। नगर पालिका परिषद के द्वारा यहीं पर महारानी लक्ष्मी बाई पार्क तथा प्रतिमा का निर्माण कार्य चल रहा है। जिलाधिकारी ने घूम घूम कर निर्माण कार्यों का जायजा लिया। अवर अभियंता वृजेन्द सिंह ने बताया कि पार्क के अंदर इंटरलॉकिंग का कार्य कराया जाएगा एवं पानी तथा रोशनी की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा सुंदर तरीके से फव्वारा स्थापित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि जगजीवन अहिरवार, अवर अभियंता विजेंद्र सिंह तथा जिम्मेदार अधिकारीयों को निर्देश दिए कि गुणवत्ता पूर्ण तरीके से निर्धारित समय पर काम पूरा किया जाये इसमें किसी भी तरह की उदासीनता सहन नहीं की जायेगी।
