*खबर दृष्टिकोण संवाददाता*
*कुकरा खीरी।* थाना मैलानी क्षेत्र के ग्राम खंजनपुर में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गाँव के इकलौते मुस्लिम परिवार पर कुछ लोगों ने घर में घुसकर हमला कर दिया। घटना 28 अक्टूबर 2025 की है। इस हमले में शहाना परवीन और उनके वृद्ध माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस ने घायलों को सीएचसी बाँकेगंज पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए तीनों को रेफर कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, घटना से दो दिन पहले घर के दरवाजे के पास पड़े एक पुराने पत्थर को लेकर विवाद हुआ था, जिसकी जानकारी पीड़िता ने पुलिस चौकी कुकरा में दी थी। बताया जा रहा है कि उसी विवाद को लेकर यह हमला हुआ।
थानाध्यक्ष मैलानी ब्रजेश कुमार मौर्या ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि मामले में निष्पक्ष कार्यवाही की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
घटना के बाद खंजनपुर गाँव में दहशत और तनाव का माहौल है। शहाना परवीन का परिवार अल्पसंख्यक समुदाय का एकमात्र मुस्लिम परिवार बताया जा रहा है। पीड़िता ने उच्चाधिकारियों से न्याय और सुरक्षा की मांग की है।
यह घटना क्षेत्र में शांति और सामाजिक सौहार्द की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर करती है।
