*डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने लघुचा गो आश्रय स्थल पर की गौमाता की पूजा*
*खबर दृष्टिकोण मुकेश शर्मा*
*लखीमपुर खीरी।* जनपद में बुधवार को गोवर्धन पूजा हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सभी गोशालाओं और गो आश्रय स्थलों पर विशेष गौपूजनोत्सव का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने स्वयं लघुचा स्थित गो आश्रय स्थल पहुंचकर विधि-विधान से गोमाता का पूजन किया।
डीएम ने गोमाता को गुड़, केला और हरा चारा खिलाकर जिले की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने गोवंश संरक्षण और संवर्धन को समाज की संस्कृति और आस्था से जोड़ते हुए कहा कि “गाय हमारी संस्कृति की आधारशिला है, इनका संरक्षण हमारी नैतिक जिम्मेदारी है।” उन्होंने आश्रय स्थल में मौजूद कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी गोवंश को नियमित रूप से चारा, पानी और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी, पशुपालन अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर गोमाता की आरती उतारी और गोसेवा का संकल्प लिया। डीएम ने जनभागीदारी बढ़ाने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को गोवंश की सेवा और सुरक्षा में योगदान देना चाहिए।
जनपद के सभी ब्लॉकों में भी इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां ग्राम पंचायतों और स्वयंसेवी संगठनों ने गोशालाओं की सफाई की, चारा वितरण किया और पूजन-अर्चन के साथ उत्सव का आनंद लिया।
गोवर्धन पूजा के इस पर्व पर प्रशासन और जनता के संयुक्त प्रयासों से जनपद लखीमपुर खीरी में गोसेवा और संरक्षण का संदेश प्रभावशाली रूप से प्रसारित हुआ।
