खबर दृष्टिकोण संवाददाता
गोला गोकर्णनाथ (खीरी)।
गोला की छोटी काशी क्षेत्र के ग्राम कैमहरा स्थित देवेश्वर नाथ मंदिर पर 5 अक्टूबर से 11 अक्टूबर तक चल रही श्रीकृष्ण रासलीला में भक्तिमय माहौल देखने को मिल रहा है। यहां रोजाना सायंकाल दो से पांच बजे तक ब्रजधाम वृंदावन से आए कलाकार श्रीकृष्ण और भगवान राम की लीलाओं का सजीव मंचन कर रहे हैं।
रासलीला के पंचम दिवस पर कलाकारों ने ताड़का वध की लीला का सुंदर मंचन किया। मंचन के दौरान दिखाया गया कि जब गुरु विश्वामित्र यज्ञ की रक्षा के लिए राम और लक्ष्मण को अपने साथ ले जा रहे थे, तभी मार्ग में राक्षसी ताड़का आकर गुरु विश्वामित्र पर आक्रमण करती है। तभी भगवान श्रीराम ताड़का का वध कर धर्म की रक्षा करते हैं।
इस मंचन के दौरान मंच पर प्रस्तुत राम, लक्ष्मण, गुरु विश्वामित्र और ताड़का के संवादों ने उपस्थित भक्तों को भावविभोर कर दिया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट और जयकारों के साथ कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।
इसके साथ ही मंच पर राम-सीता, कृष्ण-राधा और शिव-पार्वती की झांकियां भी प्रस्तुत की गईं, जिनका सजीव चित्रण देखकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो उठे। कार्यक्रम में ग्रामवासी एवं क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और भगवान की लीलाओं का भरपूर आनंद लिया।
