:छोटे-छोटे विवादों को थाने पहुंचने से पहले ही किया शांत, 1289 मामलों का आपसी सहमति से निपटारा:
(खबर दृष्टिकोण) बाराबंकी। कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय द्वारा शुरू की गई बीट पुलिसिंग मुहिम रंग ला रही है। इस पहल के अंतर्गत थाना क्षेत्र को छोटे-छोटे बीट क्षेत्रों में बांटकर, बीट आरक्षियों को लोगों से जुड़ाव और निरंतर संवाद की जिम्मेदारी दी गई है। इस प्रणाली के तहत अप्रैल 2025 से अब तक कुल 1490 बीट सूचनाएं दर्ज की गईं, जिनमें से 1289 मामलों का सफल निस्तारण कर लिया गया है। बीट कांस्टेबल वह पहला पुलिसकर्मी होता है जो आम नागरिक से सबसे पहले संपर्क करता है। उसकी नियमित गश्त, मोहल्ला वार्ताएं, दुकानदारों, प्रधानों और स्कूलों से संवाद क्षेत्र में न सिर्फ सुरक्षा बढ़ाता है बल्कि जनता के मन में भरोसा भी जगाता है। बीट पुलिसिंग प्रणाली में बीट आरक्षी स्थानीय विवादों को समय रहते पहचानते हैं। जैसे कि जमीनी विवाद, रास्ते की लड़ाई, नाली, चबूतरा या दीवार से जुड़ी रंजिश, पुरानी रंजिशो से उपजे तनाव जिसके बाद बीट सूचना दर्ज कर थाने पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया बीट पुलिसिंग से जनता के साथ पुलिस का रिश्ता मजबूत हुआ है। अब लोग थाने जाने से पहले ही अपने मोहल्ले में समाधान पा लेते हैं। कानून व्यवस्था की जड़ यहीं से मजबूत होती है।
