खबर दृष्टिकोण
मिश्रित/सीतापुर। नैमिषारण्य थाना क्षेत्र के एक आश्रम में पीआरडी जवान का सफाई करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि एक आश्रम के महंत जवान से मजदूरी करा रहे हैं। वीडियो की जानकारी मिलने पर पीआरडी कमांडेंट अधीर सिंह ने जवान से स्पष्टीकरण तलब किया है।
पीड़ित जवान ने एक महंत पर बिना वर्दी कपड़े उतारकर काम करवाने का आरोप लगाया है। पीआरडी जवान ने इस मामले की तहरीर नैमिषारण्य पुलिस को दी है। तहरीर में उसने बताया कि उसकी ड्यूटी क्षेत्र के एक आश्रम में सुबह आठ बजे से शाम 4 बजे तक रहती है। इस दौरान उससे आश्रम की सफाई, कपड़े
धोने का काम, बर्तन धोने के काम के साथ-साथ बच्चों को स्कूल छोड़ने व अन्य काम कराया जाता है। मना करने पर वहां के महंत नौकरी से हटवा देने की धमकी देते हैं। मंगलवार को कमांडेंट ने आश्रम में जवान का काम करते हुए वीडियो बना लिया है।
पीआरडी कमांडेंट अधीर सिंह ने बताया कि वह ड्यूटी चेक करने के लिए मौके पर पहुंचे। वहां पीड़ित पीआरडी जवान मजदूरी करता मिला। फिलहाल पीड़ित ने थाना प्रभारी को तहरीर दे दी है। प्रभारी निरीक्षक पंकज तिवारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।