खबर दृष्टिकोण
ब्यूरो रिपोर्ट
सीतापुर। रामकोट थाना क्षेत्र में पड़ने वाले एक रास्ते को रेलवे ने गॉटर लगाकर बंद कर दिया। इससे नाराज वैष्णोपुरी कॉलोनी के लोगों ने शहर जाने वाले मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के कारण करीब दो घंटे तक जाम की स्थिति रही। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह समझाकर लोगों को शांत कराया। इसके बाद आवागमन बहाल हो सका।क्षेत्र में कांशीराम कॉलोनी से पहले पड़ने वाली पराग डेयरी से सटा एक रास्ता है। यह रास्ता वैष्णोपुरी कॉलोनी को जोड़ता है। यहां के निवासी शंकर ने बताया कि बताया कि जिस रास्ते से वह बाइक से जाते हैं, वह जमीन रेलवे की है।कुछ दिन पहले इस रास्ते को बंद किया जाना था तो रेलवे के उच्चाधिकारियों से बात की थी। आश्वासन मिला था कि बाइक निकलने भर का रास्ता छोड़ दिया जाएगा, ताकि लोगों को पराग डेयरी से कॉलोनी तक जाने में कोई समस्या न हो लेकिन मंगलवार को रेलवे ने गॉटर लगाकर रास्ता बंद कर दिया। यह बात लोगों को पता चली तो कॉलोनी के लोग नाराज हो गए।नीरज शुक्ला ने बताया कि कॉलोनी आने के लिए उनके पास सिर्फ एक यही रास्ता है। उसे स्थानीय गेटमैन आदि ने रंजिश में बंद कराया है। सोमवार रात उनके चाचा की तबीयत खराब हुई तो वह रास्ते पर गाॅटर पड़े होने के कारण बाइक नहीं निकाल सके।बताया कि यहां करीब 150 मकान बने हुए हैं। दो हजार आबादी प्रभावित हो रही है। बारिश में जलभराव से यहां के घरों में पानी भर जाता है। अब रास्ता भी बंद कर दिया गया। मंगलवार को रेलवे के खिलाफ नाराजगी जताते हुए वैष्णोपुरी कॉलोनी के लोगों ने कांशीराम कॉलोनी के पास से सीतापुर शहर जाने वाले मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब दो घंटे तक प्रदर्शन चला। खबर पाकर एसओ बलवंत शाही मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाया कि वह मामले की शिकायत डीएम से करें। इसके बाद लोग माने और धरने को समाप्त किया।
मोहल्लेवालों से बात कर निकालेंगे रास्ता
नगर पालिका अध्यक्ष नेहा अवस्थी ने बताया कि वह जल्द ही मोहल्लेवासियों से मिलकर बात करेंगी। यहां होने वाले जलभराव की समस्या को खत्म कराने के लिए योजना बनाई जाएगी। इसके साथ ही जिला प्रशासन से मिलकर कोई अन्य रास्ता तलाशने पर भी विचार किया जाएगा। ताकि वैष्णोपुरी कॉलोनी के लोगों को निकलने में कोई समस्या न हो।