सुरेंद्र कुमार प्रजापति: बागपत, बागपत जिले के बड़ौत क्षेत्र के एक गांव में शनिवार की सुबह विशेष संप्रदाय के युवक ने महिला मल्ल के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया है। पीड़िता का आरोप है कि उसने पुलिस से शिकायत की तो पुलिस ने आरोपित का साथ देते हुए उसके मोबाइल का सिम ही तोड़ दिया और मुकदमा दर्ज करने की चेतावनी देते हुए उसे धमकाया। काफी जद्दोजहद के बाद पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।पीड़िता ने बताया कि वह कुश्ती की खिलाड़ी है और शनिवार की सुबह सड़क पर दौड़ रही थी। इसी दौरान विशेष संप्रदाय का युवक आया और अचानक उसे पकड़कर उसका मुंह दबा लिया। आरोपित उसे उठाकर खेत में ले गया और उसके कपड़े फाड़ डाले। आरोपित ने उसके साथ अश्लीलता करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। उसने शोर मचा दिया तो एक किसान ने आरोपित के चंगुल से उसे बचा लिया। आरोपित उसे जान से मारने की धमकी देता हुआ फरार हो गया।पीड़िता ने बताया कि उसने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ कार्रवाई न करते हुए ,उस पर कार्रवाई न करने के लिए दबाव डाला और उसके मोबाइल का सिम लेकर तोड़ दिया। पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की चेतावनी भी दी। पीड़िता ने बताया कि काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है एएसपी मनीष कुमार ने बताया कि आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
