प्रयागराज, । जनपद के गंगापार इलाके में सोरांव इलाके में दस साल के बच्चे की गला रेतकर हत्या कर दी गई। वह पिता की तलाश में निकला था और फिर घर नहीं निकला। परिवार के लोग पिता-पुत्र की खोजबीन करते रहे लेकिन कुछ पता नहीं चला। गुरुवार सुबह बालक का शव राम नगर नहर पुलिया के पास मिली तो खबर पाकर पहुंचे परिवार के लोग रोने-चीखने लगे। पुलिस ने छानबीन के बाद कत्ल के संदेह में एक शख्स को हिरासत में लिया है।मोहम्मद वकील अहमद अपने दो पुत्र व दो पुत्रियों के साथ उमरी (गधिना) गांव में रहता था। बुधवार की शाम तक वकील घर नहीं लौटा तो परिवार के लोगों ने 10 साल के पुत्र रहीम को तलाश में भेजा। साइकिल पर निकला रहीम भी देर रात तक घर नहीं आया तो परिवार के लोग परेशान हो गए। आधी रात घर के कई लोग वकील और रहीम को खोजने निकले। मगर रहीम नहीं मिला। खोजबीन करते हुए सुबह हो गई। परिवार के लोग परेशान हाल भटक रहे थे तभी खबर आई कि राम नगर नहर पुलिया के पास एक बालक का शव पड़ा है। खबर पाकर परिवार के लोग वहां पहुंचे तो पता चला कि लाश उनके बेटे रहीम की है। रक्तरंजित शव देख परिवार के लोग रोने-कलपने लगे। कुछ देर बाद खबर पाकर सोरांव थाने की पुलिस वहां पहुंची। पुलिस को घटनास्थल का निरीक्षण करने पर पर एक खून लगा चाकू मिला। पुलिस का कहना है कि इसी चाकू से गला रेतकर रहीम का कत्ल किया गया।पुलिस को परिवार के लोगों से बातचीत में पता चला कि रहीम का पिता मोहम्मद वकील अहमद मानसिक रूप से पीड़ित है। वह मऊआइमा के एक पावर लूम में मजदूरी का काम कर परिवार का पेट पालता है। घटना वाली शाम वह घर नहीं लौटा तो परिवार के लोगों ने रहीम को खोजने भेजा था। घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन में खलबली मच गई। घटनास्थल पर एएसपी गंगापार अभिषेक अग्रवाल, एसडीएम ज्योति मौर्या, तहसीलदार ओमप्रकाश शुक्ला सहित आला अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया।
