लखनऊ। विधानसभा चुनाव होने तक भाजपाई अब चैन से नहीं बैठेंगे। जनता से जुड़ाव बढ़ाकर फिर बहुमत की सरकार बनाने के लिए अभियान और कार्यक्रमों की लंबी रूपरेखा गुरुवार को प्रदेश मुख्यालय में हुई पदाधिकारियों की बैठक में बना ली गई। तय किया गया है कि योगी सरकार के साढ़े चार वर्ष की उपलब्धियां लेकर पदाधिकारी और कार्यकर्ता घर-घर दस्तक देंगे तो पार्टी के विधायक 20 सितंबर को अपने-अपने क्षेत्र की जनता के बीच जाकर खुद अपना रिपोर्ट कार्ड सुनाएंगे।भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में शामिल होने के लिए प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह के अलावा प्रदेश सह-प्रभारी का दायित्व संभालते ही सुनील ओझा, सत्या कुमार और संजीव चौरसिया भी पहुंचे। प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल सहित सभी रणनीतिकारों ने विधानसभा चुनाव के लिए अभियान और कार्यक्रमों पर कई घंटे मंथन किया। तय हुआ कि 19 सितंबर को योगी सरकार के साढ़े चार वर्ष पूरे होने पर प्रदेश के सभी 27700 शक्ति केंद्रों (संगठनात्मक सेक्टरों) पर चौपाल लगाकर सरकार की योजनाओं और निर्णयों को जनता के दरबार में पहुंचाया जाएगा।अगले दिन 20 सितंबर को सभी विधायक अपनी विधानसभा में किए गए विकास कार्यों व उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएंगे। इसके साथ ही 26 सितंबर से पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों का पत्रक लेकर घर-घर संपर्क कर आमजन से चर्चा करेंगे, जबकि दो अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर मंडल स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा, राष्ट्रीय मंत्री हरीश द्विवेदी, विनोद सोनकर, प्रदेश सह संगठन महामंत्री कर्मवीर सहित प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष व मोर्चों के अध्यक्ष शामिल हुए।
