सीतापुर, । दिनदहाड़े दो व्यापारिक प्रतिष्ठानों में दुस्साहसिक वारदात से सनसनी फैल गई है। घटना लखीमपुर-सीतापुर मार्ग पर स्थित महोली तिराहे पर खालसा मार्केट की है। हमले को देख अन्य व्यापारी दुकानों के शटर गिराकर भाग गए। दर्जन भर से अधिक हमलावर दो व्यापारिक प्रतिष्ठान में घुस और व्यापारियों से जमकर मारपीट की। विरोध पर हमलावर फायरिंग करने लगे। इसमें दो चचेरे भाई जोगा सिंह व कुलविंदर सिंह घायल हुए हैं। फायरिंग के बीच में ही मार्ग से गुजर रहे राजेपुर के पूर्व प्रधान प्रमोद वर्मा की कार के बाएं दरवाजे को पारकर गोली डैसबोर्ड में जा धंसी। कई अन्य हमलावर लाठी और डंडों से लैस थे। बताया जा रहा है कि हमलावर करीब चार लाख का सामान उठा ले गए। इस घटना से बाजार में दहशत का माहौल है। जोगा सिंह ने बचाव में लाइसेंसी पिस्टल से फायर की और फोन कर पुलिस को बताया। उधर, हमले में घायल व्यापारी जोगा सिंह ने पुलिस को बताया, हमलावर उसके प्रतिष्ठान से एक लाख रुपये, चार एलइडी व चचेरे भाई कुलविंदर की दुकान से तीन लाख रुपये व कीटनाशक लूट ले गए हैं। दुकानें तोड़ी हैं। उधर, घटना पता चलते ही मौके पर एएसपी-उत्तरी डा. राजीव दीक्षित व सीओ सदर अभिषेक प्रताप अजेय महोली व इमलिया सुल्तानुपर थाना पुलिस के साथ पहुंचे थे। सीओ सदर अभिषेक प्रताप अजेय का कहना है कि हमलावरों को पकड़ने के लिए तीन थानों की पुलिस लगी है। पूर्व में हुई घटना के संबंध में दोनों पक्षों ने पुलिस को बताया नहीं था। घायल व्यापारियों ने प्रतिष्ठान में तोड़फोड़, लूट व फायरिंग होने की बात कह रहे हैं। किसी भी सूरत में हमलावर बचने नहीं पाएंगे। वारदात रविवार सुबह 11 बजे बजे की है। रौना निवासी घायल व्यापारी जोगा सिंह ने पुलिस को बताया, उसके पड़ोस में चचेरे भाई कुलविंदर सिंह की पेस्टीसाइड की दुकान है। अवैध असलहों से लैस हमलावर सूरज सिंह, गोलू सिंह, धीरू, समर सिंह व उसके साथ डंडा-लाठी लिए कई अन्य लोग कुलविंदर की दुकान में घुसकर उसे मारने लगे। कुलविंदर अपने प्रतिष्ठान से निकलकर जोगा सिंह की दुकान की ओर भाग रहा था। पीछे से हमलावर उसे डंडों से मार रहे थे। जोगा अपने खालसा इलेक्ट्रानिक एवं फर्नीचर प्रतिष्ठान पर थे। हमलावर जोगा सिंह को भी मारने लगे। हमलावरों ने कुलविंदर व जोगा के प्रतिष्ठानों में तोड़फोड़ भी की। हमलावरों की तरफ से फायरिंग में व्यापारी जोगा सिंह के प्रतिष्ठान के ऊपर घर की कांच की खिड़कियां तक क्षतिग्रस्त हो गइ हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कम से कम 25-30 राउंड फायरिंग हुई है। सभी हमलावर फिरोजपुर के हैं। पुलिस ने घायल जोगा सिंह व कुलविंद सिंह को सीएचसी में उपचार कराया।
