राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार
बुलंदशहर, । भारत की राजनीति में दृढ़ता, पारदर्शिता, आर्दश व मूल्य की प्रतिकृति उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान-हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह पंचतत्व में विलीन हो गए। राजकीय सम्मान के साथ बुलंदशहर जिले के नरौरा स्थित बंशी घाट पर उनका अंतिम संस्कार हुआ। उनके बेटे राजवीर सिंह ने मुखाग्नि दी। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कल्याण सिंह ने मूल्यों और आदर्शों से समझौता किए बिना अपना पूरा जीवन लोक कल्याण के लिए समर्पित कर दिया। उनके आदर्श उत्तर प्रदेश और भारतीय राजनीति के लोगों को प्रेरित करते रहेंगे।इससे पहले रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य समेत कई बड़े नेताओं ने पूर्व सीएम को श्रद्धांजलि दी। उनके अंतिम दर्शनों के लिए भारी जनसैलाब यहां पर उमड़ा। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर को नरौरा में श्रद्धांजलि अर्पित की।
