महोबा,। कस्बा कुलपहाड़ में एक सप्ताह से चार शोहदे एक किशोरी को लगातार परेशान कर रहे थे। छेड़खानी से त्रस्त आकर पीड़िता ने परेशान होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। किशोरी को महोबा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार शनिवार को मारपीट की घटना हुई थी। इस मामले में मुकदमा भी दर्ज किया गया है। आरोपितों के हमला करने में किशोरी की मां जख्मी हो गई थी।कस्बा कुलपहाड़ के एक मोहल्ला निवासी किशोरी की मां ने बताया कि कस्बा के ही आरोपित एक सप्ताह से उसकी बेटी को परेशान कर रहे हैं। कहते हैं कि तेरी शादी नहीं होने देंगे। कभी भी घर पर आकर बेटी के साथ गलत हरकतें करते हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार को भी चारों आरोपित घर आए थे। बेटी को परेशान करने लगे और छेड़खानी की। जब मां ने विरोध किया और आरोपितों को रोकने की कोशिश की तो उन्हें चाकू से हमला किया। इससे मां की नाक में चोट आई है।आरोपितों के जाने के बाद किशोरी काफी डर गई। मां ने आरोपितों के खिलाफ थाने में तहरीर दी थी। मां ने कहाकि पुलिस ने केवल मारपीट के मामले में ही मुकदमा दर्ज किया है।उन्होंने बताया कि शनिवार रात को किशोरी ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे महोबा जिला अस्पताल लेकर आई। उन्होंने कहाकि आरोपितों को पुलिस का कोई डर नहीं है। वे बेखौफ होकर परेशान करते आ रहे हैं।वहीं किशोरी की हालत में सुधार बताया जा रहा है। कुलपहाड़ थाना प्रभारी उमेश कुमार ने बताया कि शराब पीने के दौरान मोहल्ले में मारपीट हुई थी, इसी मामले में शनिवार को आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना की जा रही है।
