ख़बर दृष्टिकोण लखनऊ।
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अवैध निर्माण/प्लाटिंग के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में शनिवार को प्रवर्तन जोन-2 की टीम ने आशियाना और आलमबाग क्षेत्र में दो अवैध निर्माण सील किये।
प्रवर्तन जोन-2 की जोनल अधिकारी प्रिया सिंह ने बताया कि अंशुल गोयल व अर्पित जैन द्वारा आशियाना थानाक्षेत्र के अंतर्गत कानपुर रोड योजना में व्यवसायिक भूखण्ड संख्या-सी0पी0-138/डी-1 पर लगभग 14050.95 वर्गमीटर क्षेत्रफल में मल्टीप्लेक्स का निर्माण कराया जा रहा है। प्राधिकरण द्वारा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत स्थल पर निर्माण कार्य किये जाने पर विहित न्यायालय द्वारा उक्त प्रकरण में वाद योजित किया गया था। इसके अलावा कुलवन्त सिंह व अन्य द्वारा आलमबाग के भिलावां में भूखण्ड संख्या-551क/ओ0462 पर बिना प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराये लगभग 129 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अवैध तरीके से निर्माण कार्य कराया जा रहा था।
उक्त दोनों प्रकरण में विहित न्यायालय द्वारा सीलिंग के आदेश पारित किये गये थे। जिसके अनुपालन में आज सहायक अभियंता वाई0पी0 सिंह के नेतृत्व में अवर अभियंता उस्मान अली व नागेन्द्र मिश्रा द्वारा प्राधिकरण पुलिस व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से दोनों अवैध निर्माणों को सील कर दिया गया।
ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः
एलडीए कर्मियों ने अपने लगाये पौधों को राखी बांधकर मनाया रक्षाबंधन का पर्व
– लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा सी0जी0 सिटी में 40 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित किये गये नंदन वन में प्राधिकरण कर्मियों ने लगाये हैं 10 हजार पौधे
– उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी के नेतृत्व में नंदन वन में एकत्रित हुए कर्मचारियों ने पौधों को राखी बांधकर दिया रक्षा का वचन
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी के नेतृत्व में प्राधिकरण के अधिकारियों व कर्मचारियों ने शनिवार को सी0जी0 सिटी स्थित नंदन वन में अपने लगाये हुए पौधों को राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया। इस मौके पर कर्मचारियों ने पौधों की रक्षा का संकल्प भी लिया।
अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि पौधरोपण महाअभियान-2023 के उपलक्ष्य पर लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा सी0जी0 सिटी (चक गंजरिया) में लगभग 40 एकड़ क्षेत्रफल में नंदन वन विकसित किया गया है। जिसमें 22 जुलाई, 2023 को मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र के नेतृत्व में प्राधिकरण के अधिकारियों व कर्मचारियों ने एक साथ लगभग 10 हजार पौधे लगाये थे। इन पौधों को संरक्षित रखने के उद्देश्य से प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने निर्देश दिये थे कि जिन अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा पौधे लगाये गये हैं, वे सभी रक्षाबंधन के पर्व पर इन पौधों को रक्षासूत्र बांधकर सुरक्षा का वचन देंगे।
इस क्रम में शनिवार को उपाध्यक्ष महोदय के नेतृत्व में प्राधिकरण के अधिकारियों व कर्मचारियों ने नंदन वन पहुंच कर अपने द्वारा लगाये गये पौधों को राखी बांधकर इनकी सुरक्षा का संकल्प लिया। इस दौरान उपाध्यक्ष ने वहां त्रिशक्ति के रूप में आम, कदम व नीम के पौधे भी लगाये। उपाध्यक्ष ने सहायक उद्यान अधिकारी कर्ण सिंह को निर्देशित किया कि पौधों को नियमित रूप से पानी दिया जाए। इसके अलावा ग्रीन बेल्ट के पूरे क्षेत्र को पिलर व तार लगाकर सुरक्षित किया जाए।
ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः
एलडीए में “सिंगल टेबल क्लीयरेंस डे“ का आयोजन, 253 फाइलों का हुआ निस्तारण
– लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर मीटिंग हाॅल में एकत्रित हुए सभी अनुभागों के अधिकारी व कर्मचारी
– एक ही पटल पर समस्त अनुभागों के अधिकारियों की उपस्थिति से हाथों-हाथ हुआ फाइलों का निस्तारण
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर शनिवार को प्राधिकरण में ‘सिंगल टेबल क्लीयरेंस डे’ का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत समस्त अनुभागों के अधिकारी व कर्मचारी लंबित फाइलों के साथ मीटिंग हाॅल में उपस्थित हुए। कार्यवाही के दौरान विभिन्न प्रकरणों से सम्बंधित कुल 253 फाइलों का निस्तारण किया गया।
अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देशानुसार प्राधिकरण में लंबित फाइलों के निस्तारण के लिए सप्ताह के प्रत्येक शनिवार को ‘सिंगल टेबल क्लीयरेंस डे’ का आयोजन किया जाता है। इस क्रम में आज समस्त विशेष कार्याधिकारी, सहायक लेखाधिकारी, अनुभाग अधिकारी, प्रवर वर्ग सहायक व अभियंता गण अपने अनुभाग की लंबित फाइलों के साथ दोपहर 12 बजे मीटिंग हाॅल में उपस्थित हुए। जहां उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गयी तथा फाइलों पर तुरंत निर्णय लेते हुए कार्यवाही सम्पादित करायी गयी।
इन प्रकरणों का हुआ निस्तारण
अपर सचिव ने बताया कि ‘सिंगल टेबल क्लीयरेंस डे’ पर प्रस्तुत की गयी सभी लंबित फाइलों पर शत प्रतिशत कार्यवाही करते हुए 253 फाइलों का निस्तारण किया गया। इसके अंतर्गत रिफंड की 44, रजिस्ट्री के 23 आवेदनों, अभियंत्रण की 61, प्लानिंग की 08, शमन मानचित्र कीे 03, नामांतरण की 19, गणना की 31, अधिष्ठान की 64 पत्रावलियों का निस्तारण किया गया।
