लखनऊ : मोहान रोड स्थित एक विश्वविद्यालय परिसर में गुरुवार दोपहर हुई रोंगटे खर देने वाली वारदात में छेड़छाड़ का विरोध करने पर शोहदे ने दूसरे माले से 14 वर्षीय छात्रा को नीचे फेंक दिया। जिससे किशोरी की रीढ़ की हड्डी और एक हाथ टूट गया। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने छात्रा के पिता की तहरीर पर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। चूंकि आरोपित भी नाबालिक है। इस लिए उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पारा इलाके में रहने वाली किशोरी कक्षा सात की छात्रा है। उसके पिता मोहान रोड स्थित एक विश्वविद्यालय में काम करते हैं। गुरुवार को किशोरी के पिता उसे अपने साथ लेकर काम पर गए थे। विश्वविद्यालय के टाइप पांच में दूसरे तल पर बैठाकर काम करने चले गए। किशोरी के पिता के मुताबिक इस बीच काशीराम कालोनी में रहने वाला 16 वर्षीय शोहदा पहुंचा। बेटी को अकेला देख शोहदा उसके पास पहुंचा। बेटी से छेड़छाड़ करने लगा। बेटी के विरोध पर शोहदे ने उसे दूसरे माले से नीचे फेंक दिया। चीख-पुकार सुनकर आस पड़ोस के लोग दौड़े। देखा कि बेटी जमीन पर पड़ी कराह रही थी। वह उठने में असमर्थ थी। बेटी को आनन फानन एक निजी अस्पताल ले जाया गया।वहां डाक्टरों की टीम ने परीक्षण किया तो बताया कि बेटी की रीढ़ की हड्डी टूट गई है और एक हाथ में भी फ्रैक्चर है। बेटी की हालत नाजुक बनी हुई है। उधर, आस पड़ोस के लोगों ने वारदात के बाद भाग रहे शोहदे को दबोच लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपित शोहदे को दबोच लिया। एसीपी काकोरी आशुतोष कुमार ने बताया कि आरोपित शोहदे को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ जानलेवा हमला, छेड़छाड़, मारपीट और पाक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। चूंकि वह भी नाबालिग है। इस लिए किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। वहां से बाल सुधार गृह उसे भेजा गया है।
