Breaking News

नाम बदलने वाली सरकार को 2022 में बदलने जा रही जनता – अखिलेश

लखनऊ, । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को गाजीपुर के हैदरिया पखनपुरा में आयोजित जनसभा में भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि वे हर चीज का नाम बदल देते हैं लेकिन इस बार यूपी की जनता नाम बदलने वाली सरकार को बदल देगी। इस प्रदेश में बुल और बुलडोजर चल रहा है। नौजवान पांच साल इंतजार करते रह गए कि नौकरी और रोजगार मिलेगा, लेकिन नहीं मिला। नौजवान व किसान सब तैयार हैं बदलाव के लिए। यह शुरुआत हुई है भाजपा के सफाए की।सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पखनपुरा से अपने विजय रथ यात्रा का शुभारंभ किया जो पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से आजमगढ़ होते हुए लखनऊ तक जाएगी। उनके साथ सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर भी थे। अखिलेश ने कहा कि एक्सप्रेस-वे बनाकर योगी सरकार ने अच्छा कार्य किया है, लेकिन यह एक्सप्रेस-वे सपा सरकार की देन है। यह आधा-अधूरा विकास है, क्योंकि हम लोगों की सरकार ने इस मंडी सहित तमाम सरकारी सुविधाओं का ढांचा तैयार किया था, जिन्हें पूरा नहीं किया गया है।उन्होंने आरोप लगाया कि यह एक्सप्रेस-वे मानक के अनुरूप नहीं बना है। हमारी सरकार बनेगी तो यह प्रदेश ही नहीं पूरे देश का सबसे अच्छा एक्सप्रेस-वे साबित होगा। मैं देख रहा हूं, जहां तक एक्सप्रेस-वे है, लोग ही लोग खड़े हैं। लाल, पीला, हरा, नीला-सब रंगों का इंद्रधनुष हमें दिखाई दे रहा है। भाजपा की तरह एक रंग वाले कभी बदलाव नहीं ला सकते। समाजवादी का रंग सब लोगों को साथ लेकर चलने वाला रंग है।सरकार पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि खुद तो चल रहे थे चार पहिए की गाड़ी में और कोई चल रहा था पैदल-पैदल, अभी जनता को इन्हें करना है पैदल। भाजपा सरकार ने कहा था कि जो हवाई चप्पल में चलता है, उसे हवाई जहाज में बैठाएंगे। मगर आज जिस तरह पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ रहे हैं, इसमें हमारे गरीब और किसान की गाड़ी नहीं चल पाएगी। उनकी मोटरसाइकिल नहीं चल पाएगी। हर चीज के दाम बढ़ गए हैं। किसानों को खाद नहीं मिल रही। किसानों को समय से धान की कीमत नहीं मिल रही। इसे हमारी सरकार दिलाएगी। अब हर वर्ग के लोगों ने बदलाव का मन बना लिया है। अखिलेश सभास्थल पर 12.59 पर हेलीकाप्टर से पहुंचे और संबोधन के बाद 1.55 पर उनका विजय रथ आजमगढ़ के लिए रवाना हो गया।सपा के कई एमएलसी के भाजपा में शामिल होने को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के बयान कि सपा नेताओं के बीजेपी में शामिल होने से अखिलेश यादव को नींद नहीं आएगी पर तंज कसते हुए पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि आज पूरा दिन पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर चलना है। सोचो किसे नींद नहीं आएगी? लोग लगातार समाजवादी पार्टी से जुड़ रहे हैं। भरोसा दिलाता हूं आने वाले समय में बदलाव होगा और समाजवादी पार्टी के आगे भाजपा का सफाया होगा। मैं जो बदलाव की लहर देख रहा हूं, इस गाजीपुर बार्डर से लेकर उस गाजीपुर बार्डर तक भाजपा का सफाया होगा।

About Author@kd

Check Also

लखीमपुर खीरी बीजेपी जिला कार्यालय में विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान पर मंथन हर नागरिक को मतदान से जोड़ने का संकल्प

  खबर दृष्टिकोण संवाददाता शिवम मिश्रा लखीमपुर खीरी। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय स्थित …

error: Content is protected !!