प्रयागराज, । वे दोनों चचेरी बहनें थीं। गंगा स्नान के लिए गई थीं। युवती व किशोरी बहनें गंगा स्नान कर रही थीं। अचानक एक बहन गहरे पानी में चली गई। यह देख दूसरी बहन ने उसे बचाने का प्रयास किया तो वह भी पानी में समा गई। घाट पर मौजूद लोगों ने दोनों को बचाने का काफी प्रयास किया लेकिन वे तब तक गहरे पानी में समा चुकी थीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों की तलाश के लिए गोताखाेरों को बुलवाया। मशक्कत के बाद एक बहन का शव बरामद हुआ जबकि दूसरे की तलाश की जा रही है। अभी तक कुछ पता नहीं चल सका है। प्रयागराज के यमुनापार में मेजा थाना क्षेत्र के गंगा घाट पर हादसा हुआ।मेजा थानाक्षेत्र के कनिगड़ा गांव निवासी 19 वर्षीय सिद्धि पुत्री अंजनी गर्ग और उसकी 17 वर्षीय चचेरी बहन आयुषी पुत्री अश्वनी कुमार गर्ग रहती थीं। सिद्धि और आयुषी परिवार के अन्य सदस्यों के साथ शनिवार की सुबह करीब 10 बजे गांव के ही गंगा घाट पर स्नान करने के लिए गई थीं। सभी के साथ वे भी स्नान कर रही थी। इसी दौरान अचानक सिद्धि गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। उसे बचाने के प्रयास में आयुषी भी गहरे पानी में जाकर डूबने लगी। देखते ही देखते दोनों पानी के अंदर समा गईं।दोनों बहनों के साथ में मौजूद लोगों ने डूबता देख शोर मचाना शुरू किया। घाट पर मौजूद लोग पानी में कूद लेकिन कोई उन्हें बचा नहीं सका। वहां रोना-पिटना मच गया। इसी दौरान सूचना पाकर घटनास्थल पर मेजा पुलिस पहुंची। आनन-फानन में पुलिस ने गोताखोर बुलवाया। गोताखोर गंगा में तलाश के लिए कूदे। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने सिद्धि का शव बरामद किया लेकिन आयुषी का पता नहीं चला। काफी देर के प्रयास के बाद भी गोताखोरों को सफलता नहीं मिली। गंगा घाट पर भारी भीड़ मौके पर जुटी हुई है। परिवार के लोगों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
