लखनऊ, । उत्तर प्रदेश में लखीमपुर खीरी प्रकरण के दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा का सीतापुर गेस्ट हाउस में झाडू लगाने को लेकर जिस तरह विरोधी पार्टियों ने उन पर कटाक्ष किया उसका जवाब देने प्रियंका शुक्रवार को लवकुशनगर स्थित दलित बस्ती पहुंच गयीं। प्रियंका ने वहां वाल्मीकि मंदिर में झाडू लगाकर सरकार को भी संदेश देने की कोशिश की। इस दौरान प्रियंका वाड्रा शहर कांग्रेस सचिव रितेश वाल्मीकि के घर भी गईं। बता दें कि कोरोना संक्रमित होने के बाद पिछले दिनों रितेश की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी।गुरुवार को प्रियंका बहराइच से वापस आने के बाद आज करीब तीन बजे वरिष्ठ नेता पीएल पुनिया के साथ इंदिरानगर स्थित लवकुशनगर पहुंच गयीं। प्रियंका के वहां पहुंचते ही कांग्रेसी कार्यकर्ता उत्साह में नारे लगाने लगे। प्रियंका ने कार्यकर्ताओं को मंदिर से बाहर जाकर नारेबाजी करने के लिए कहा। प्रियंका ने पूरे मंदिर की सफाई की। दरअसल प्रियंका ने झाडू लगाकर एक तीर से कई निशाने लगाने की कोशिश की। सीतापुर गेस्ट हाउस में प्रियंका ने जब झाडू लगायी तो भाजपा के कुछ नेताओं ने उनको ट्रोल किया। इस पर प्रियंका ने आज वाल्मीकि मंदिर जाकर आलोचकों को जवाब दिया। वही प्रियंका ने वाल्मीकि समाज के लोगों से बात भी की।
