बुलंदशहर, । थाना क्षेत्र के गांव किशनपुर ठाकुराल में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। विवाहिता के परिजनों ने ससुरालजनों पर विवाहिता को जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। मृतका के पिता ने कोतवाली पुलिस को आरोपी पति सहित छह ससुरालजनों खिलाफ नामजद तहरीर सौपकर कार्यवाही की गुहार लगाई है। वहीं घटना के 3 दिन बाद भी मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी है।जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के गांव बांसुरी निवासी सतीश सिंह की पुत्री प्रियंका की शादी सन 2014 में किशनपुर ठकुराल निवासी संदीप पुत्र देशपाल के साथ हुई थी। पुलिस को दी तहरीर में पीड़ित पिता ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उसकी पुत्री को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। दहेज की मांग पूरी ना होने पर आरोपित ससुरालजन उसकी पुत्री के साथ मारपीट भी करते थे। वहीं पीड़िता के पिता का आरोप है कि आरोपित ससुरालजनों ने मिलकर प्रियंका की हत्या कर दी है। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पीड़ित पिता ने तहरीर देकर आरोपी पति, देवर, सास-ससुर व ननद के खिलाफ कार्यवाही की मांग की थी। लेकिन घटना के 3 दिन बाद भी आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज न होने पर पीड़ित स्वजन में पुलिस के प्रति रोष उत्पन्न हैं।
