लखनऊ। भरावन रोड लोहिया पुल के पास बुधवार दोपहर टायर फटने से तेज रफ्तार टेंपो की सामने से आ रहे डाले से भिड़ंत हो गई। हादसे में टेंपो सवार पुष्प लता और उसके 18 माह के बेटे समेत तीन की मौत हो गई। जबकि छह लोग घायल हुए। घायलों को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। जहां, उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। टेंपो सवार लोग ईंट भट्ठे पर मजदूरी करने जा रहे थे जानकारी के मुताबिक बुधवार दोपहर एक तेज रफ्तार टेंपो का भरावन रोड लोहिया पुल के पास टायर फट गया। टायर फटने से अनियंत्रित हुआ टेंपो सामने से आ रहे पिकअप डाले से भिड़ गया। दुर्घटना में टेंपो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार नौ मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर दौड़े आस पड़ोस के लोगों की मदद से टेंपो में फंसे लोगों को निकाला गया। पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची। जहां, डाक्टरों ने 24 वर्षीय पुष्पलता और उसके 18 माह के बेटे आदर्श को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य घायलों को ट्रामा भेजा।ट्रामा जाते समय एक युवक की और मौत हो गई। जबकि छह घायल गंभीर हालत में ट्रामा में अभी भर्ती हैं। इंस्पेक्टर काकोरी के मुताबिक घायलों में भानमती, कृष्णा, अनीश, मुकेश, गोपी किशन और संजय हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि तीसरे मृतक युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। उसकी शिनाख्त के प्रयास किया जा रहा है। टेंपो सवार सभी मजदूर हरदोई के नेवादा स्थित एसआर भट्ठे पर मजदूरी करने रोजाना चाहते हैं। घायल संजय तेलीबाग के रहने वाले हैं जबिक अन्य सभी विलासपुर छत्तिसगढ़ के रहने वाले हैं। जिस डाले से टक्कर हुई है। उसमें आलू लदी थी।



