सरोजनीनगर खबर दृष्टिकोण। लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर प्रतिबंधित देश की यात्रा कर पहुंचे एक यात्री को इमीग्रेशन अधिकारियों ने जांच के दौरान धर दबोचा और उन्हें सरोजनीनगर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तैनात ब्यूरो आफ इमीग्रेशन के सर्वेन्द्र कुमार सिंह के मुताबिक 20 फरवरी को एयरपोर्ट के आगमन काउंटर पर यात्रियों की जांच की जा रही थी। तभी सऊदी एयरलाइंस की उड़ान से लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे पश्चिम बंगाल के पुरुलिया स्थित लीलुइडीह, मुदाली अरसा निवासी आजाद अंसारी के कागजात चेक करने पर उसके पास पासपोर्ट में यमन देश का वीजा (वर्क परमिट) लगा मिला। जबकि भारतीय नागरिकों के लिए केंद्र सरकार द्वारा यमन देश की यात्रा प्रतिबंधित है। जांच के दौरान उसके पास पुराना पासपोर्ट 31 जनवरी 2019 को मुंबई एयरपोर्ट से ओमान के लिए टूरिस्ट बीजा पर पाया गया। जिसके बाद उसने ओमान से 1 फरवरी 2019 को वर्क वीजा के आधार पर यमन देश में प्रवेश किया। जहां उसने 1 फरवरी 2019 से 18 फरवरी 2023 तक यमन देश में रहकर कार्य किया और बाद में 20 फरवरी को वह अपने देश भारत लौट आया। इस प्रकार प्रतिबंधित यमन देश की यात्रा करते पाए जाने पर इमीग्रेशन अधिकारी ने उसे हिरासत में लेकर सरोजनीनगर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।



