कोंच। 18 फरवरी शनिवार को पड़ने वाले महान सनातनी पर्व महा शिवरात्रि को लेकर यहां नगर व आसपास के इलाकों के शिव मंदिरों और शिवालयों को सजाया जा रहा है। इसी के साथ अन्य धार्मिक अनुष्ठानों को लेकर भी तैयारियां जोरों पर हैं।
गांधीनगर स्थित अति प्राचीन महाकालेश्वर मंदिर में बिजली की झालरों की नयनाभिराम सज्जा की गई है, इस मंदिर में बारहों मास सैकड़ों भक्त नित्य प्रति दर्शनार्थ आते हैं और त्योहारों पर इसकी छटा देखते ही बनती है। मंदिर के गर्भ ग्रह में विराजमान आशुतोष भोलेनाथ, मां दुर्गा, महाबिष्णु, लंबोदर गणेश, भगवान विवस्वान और नंदी के अलावा आंजनेय हनुमान की प्रतिष्ठित प्रतिमाओं को भी अलंकृत किया गया है। चंदकुआ स्थित भूतेश्वर महादेव मंदिर, प्राचीन बक्सेश्वर, सिद्घेश्वर, पीपलेश्वर, मारकंडेयश्वर, सोमनाथ महादेव, झलापठा स्थित शिव मंदिर आदि मंदिरों को भी सजाया संवारा जा रहा है। पुरानी तहसील में दूधाधारी महादेव मंदिर पर भी शिवरात्रि की तैयारियां चल रही हैं। सभी शिवभक्त शिवरात्रि की तैयारियों में लगे हैं। नई तहसील कार्यालय के पीछे बने भोलेनाथ के मंदिर पर भी तैयारियां जारी हैं



