कसाइयों को पकड़ने के लिए गठित की गई अलग-अलग टीमें
खबर दृष्टिकोण – वीरेंद्र मिश्र ब्यूरो
खुटार (शाहजहांपुर)। गांव तुलापुर में राम विनोद शुक्ला के खेत में गोवंश की हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने सोमवार देर रात को अज्ञात कसाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस कसाइयों की तलाश कर रही है। नगर के मोहल्ला गांधीनगर के रहने वाले अवनीश मिश्र ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह हिंदू युवा संगठन उत्तर प्रदेश (अ) का संस्थापक अध्यक्ष है। दस नवंबर को संगठन के कार्यकर्ताओं के माध्यम से सूचना दी गई कि खुटार के गांव तुलापुर-बेला के बीच से निकली नहर में भैय्यन व नवनीत मिश्रा के खेत के पास कुछ अज्ञात लोगों ने एक निराश्रित गोवंश की हत्या कर दी। सूचना मिलते ही वह अपने संगठन के कार्यकर्ता कमल दीक्षित के साथ मौके पर पहुंचे। तो वहां पर गोवंश का कटा हुआ सिर, खाल, पैर की कुछ हड्डियां व काफी बीच में खून फैला पड़ा मिला। पास में ही खून से सनी एक प्लास्टिक की रस्सी भी पड़ी मिली। जिससे लग रहा था कि रात को अज्ञात कसाइयों ने गोवंश की हत्या कर उसका मांस लेकर चले गए। पुलिस गौ वध अधिनियम की धारा में मुकदमा दर्ज कर कसाइयों की तलाश में जुटी हुई है। कार्यवाहक थानाध्यक्ष सुभाष चंद्र ने बताया कि पुलिस की अलग-अलग गठित टीमें कसाइयों की तलाश में जुटी हुई है बहुत जल्द कसाइयों को पकड़ कर उन्हें जेल भेजा जाएगा। बताते चलें कि गौकशी को लेकर क्राइम ब्रांच टीम भी खुटार में अपना डेरा डाले हुई है। बहुत जल्द घटना का खुलासा होने की संभावना बनी हुई है।