खबर दृष्टिकोण पीयूष दीक्षित ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। दिल्ली में लाल किले के पास हुए विस्फोट के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। इंडो-नेपाल सीमा से सटे लखीमपुर खीरी जिले में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने जिलेभर की पुलिस को सतर्क रहने के निर्देश दिए और खुद सड़कों पर उतरकर सुरक्षा स्थिति का जायजा लिया।
एसपी ने बताया कि नेपाल सीमा पर एसएसबी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। शहर से लेकर सीमावर्ती गांवों तक वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की जा रही है। सभी थानों और पुलिस चौकियों को विशेष सतर्कता बरतने के आदेश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में गुजरात एटीएस ने तीन आतंकियों को गिरफ्तार किया था, जिनमें एक आरोपी लखीमपुर खीरी के सिंगाही थाना क्षेत्र का निवासी सुहेल भी शामिल था। इस घटना के बाद से ही जिले की सुरक्षा एजेंसियां पहले से सतर्क थीं, जिसे अब और सख्त कर दिया गया है।
सोमवार देर रात एसपी संकल्प शर्मा ने पुलिस बल के साथ शहर के मुख्य मार्गों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और संवेदनशील इलाकों में चेकिंग अभियान चलाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दी जाए और सुरक्षा व्यवस्था में कोई ढिलाई न बरती जाए।
