*खबर दृष्टिकोण पीयूष दीक्षित ब्यूरो*
लखीमपुर खीरी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतदेय स्थलों की संशोधित सूची जारी कर दी गई है। यह सूची 10 नवंबर 2025 को प्रकाशित की गई है, जिस पर 18 नवंबर 2025 तक आपत्तियां या सुझाव दर्ज कराए जा सकते हैं। जिले के सभी उप जिलाधिकारियों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों के मतदेय स्थलों का पुनर्संभागन कार्य पूरा कर लिया है।
इस सूची में विधानसभा क्षेत्र 137-पलिया, 138-निघासन, 139-गोला गोकरननाथ, 140-श्रीनगर (अ.जा.), 141-धौरहरा, 142-लखीमपुर, 143-कस्ता (अ.जा.) और 144-मोहम्मदी शामिल हैं। प्रस्तावित मतदेय स्थलों की सूची संबंधित तहसील कार्यालयों, जिला निर्वाचन कार्यालय खीरी तथा डीईओ पोर्टल पर ऑनलाइन निःशुल्क निरीक्षण के लिए उपलब्ध है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि यदि किसी मतदाता, संस्था या संगठन को किसी मतदेय स्थल के निर्धारण पर आपत्ति या सुझाव देना है, तो वे 18 नवंबर 2025 तक किसी भी कार्य दिवस में संबंधित उप जिलाधिकारी कार्यालय या जिला निर्वाचन कार्यालय, खीरी में लिखित रूप में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
अधिकारियों ने मतदाताओं से अपील की है कि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सुदृढ़ करने के लिए इस पुनर्संभागन प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लें और अपने सुझाव समय पर दर्ज कराएं।
