खबर दृष्टिकोण मुकेश शर्मा
गोला (खीरी)। स्वच्छ भारत-नगरीय मिशन के तहत नगर पालिका परिषद गोला द्वारा आयोजित “युवा शक्ति का उत्सव – गोला खेल महोत्सव” के दसवें दिन चार प्रमुख प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हुआ। शतरंज प्रतियोगिता का शुभारंभ जीडी गोयंका पब्लिक स्कूल में मुख्य अतिथि अतुल अग्रवाल (एमडी जीडी गोयंका) और विशिष्ट अतिथि पारस साहनी, अजय गर्ग, सभासद राजेश वर्मा व अन्य अतिथियों ने किया। अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने अतिथियों का स्वागत कर कहा कि खेलों से युवाओं में अनुशासन व एकता की भावना विकसित होती है।
गांधी स्मारक विद्यालय में ताइक्वांडो प्रतियोगिता का उद्घाटन डॉ. अवनी वर्मा ने किया। विभिन्न विद्यालयों के 75 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिसमें बालक वर्ग में कलम किशोर, श्रेष्ठ, विवेक व बालिका वर्ग में नूर अफ्शा, अहाना व अनन्या ने चैम्पियनशिप जीती।
नवीन बाईपास कोर्ट पर बैडमिंटन प्रतियोगिता का उद्घाटन डॉ. आशुतोष गुप्ता ने किया। प्रतियोगिता दो दिन चलेगी, जिसमें अंडर-14, अंडर-19 व ओपन वर्ग की कुल 58 टीमें शामिल हैं।
राजेन्द्र गिरि स्टेडियम में फुटबॉल फाइनल में गोला स्टेडियम और नीचीभूड़ घुसियाना ए की टीमें 2-2 से बराबर रहीं। अतिथि पं. रामदेव शास्त्री और विजय शुक्ला रिंकू ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
