खबर दृष्टिकोण |
सरोजनीनगर । उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ की एक बैठक सोमवार को सरोजनीनगर के नादरगंज स्थित अमौसी रोडवेज वर्कशॉप में आयोजित हुई। इस बैठक में संगठन के प्रदेश प्रभारी मोहम्मद नसीम ने रविवार को राजधानी स्थित लखनऊ विश्वविद्यालय के एपी सेन सभागार में भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के 70वें वर्ष में प्रवेश करने पर आयोजित हुए कार्यक्रम के बारे में कर्मचारियों को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) मजदूरों के लिए देश और दुनिया का एकमात्र ऐसा गैर राजनीतिक संगठन है जो पिछले 70 वर्षों से बिना टूट फूट के मजदूरों का मजबूत संगठन बना हुआ है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में धूमधाम से मनाए गए कार्यक्रम में बीएमएस के उत्तर प्रदेश उत्तराखंड और दिल्ली के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अनुपम ने बीएमएस के बारे में बताया कि इस संगठन ने सकारात्मक सोच के साथ देश के प्रथम वरीयता का विचार लेकर मजदूरों के बीच अलग पहचान बनाई है। उन्होंने बताया कि बीएमएस 70वें वर्ष में समाज के श्रमिक वर्गों में राष्ट्रीयता के विचारों को संस्कारी बनाने के लिए पंच परिवर्तन के कार्यक्रमों पर जोर देगा। वैश्विक स्तर पर पर्यावरण की चुनौती में जल, जमीन, जंगली जानवर के विषय में हमें सोचना होगा। साथ ही भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वदेशी को अपनाना होगा। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में इस पंच परिवर्तन के विषय को लेकर एक जन जागरण वह प्रबुद्ध संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज श्रमिक क्षेत्र में बढ़ती हुई ठेका प्रथा, आउटसोर्सिंग, गिग वर्कर्स की बढ़ती हुई चुनौतियों का सामना नए परिपेक्ष्य में सोचनीय है। इन समस्याओं का समाधान करने के लिए पूरा श्रम जगत संगठन की ओर देख रहा है। इसलिए अब इसका नेतृत्व भारतीय मजदूर संघ करेगा। जिला मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने कार्यक्रम का संचालन करने के साथ ही प्रदेश कार्य अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया। मोहम्मद नसीम ने कहा कि इस कार्यक्रम में संगठन के प्रदेश संगठन मंत्री रामनिवास सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष विनिता कुसुम मिश्रा, प्रदेश मंत्री राय प्रदीप चंद, आरसी पांडेय, मनमोहन दास, ललित सिंह, योगेश उपाध्याय, हरिशरण मिश्र, जेपी सिंह और महामंत्री संजय शुक्ला सहित तमाम लोगों ने संगठन के बारे में बताया। इस मौके पर उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ लखनऊ क्षेत्र के प्रदेश प्रभारी मोहम्मद नसीम के साथ ही क्षेत्रीय अध्यक्ष राकेश कुमार (बाली), क्षेत्रीय मंत्री सुधीन्द्र वर्मा, अजय श्रीवास्तव, दानिश उमर, गुरमीत सिंह, अब्दुल करीम, सीके शुक्ला, आमिर जावेद, मनीष दीक्षित, राकेश तिवारी, सहदेव सिंह नगरीय सेवा लखनऊ के प्रदेश संयोजक राजकमल सहित तमाम लोग मौजूद रहे।



