आरोपितों के कब्जे से पुलिस ने कंप्यूटर, प्रिंटर व फर्जी मुक्ति आदेश आदि बरामद
बांदा, । वाणिज्य कर विभाग का फर्जी रिलीज आर्डर बनाने वाले तीन आरोपित व एक चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के कब्जे से पुलिस ने कंप्यूटर, प्रिंटर व फर्जी मुक्ति आदेश आदि बरामद किए हैं। चारों आरोपितों के विरुद्ध पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। चिल्ला थाना क्षेत्र में 15 मार्च को आरटीओ व खनिज टीम ने मौरंग भरे ओवरलोड ट्रकों को पकड़कर सीज किया था। जिसमें एक ट्रक का चालक अभिमंयु निवासी ग्राम बेरागढीवा थाना हुसैनगंज जनपद फतेहपुर गुरुवार को ट्रक छुड़वाने के लिए थाने में वाणिज्य कर विभाग का फर्जी रिलीज आर्डर लेकर पहुंचा। थाना निरीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने रिलीज प्रमाण पत्र जारी करने की तिथि 15 मार्च जबकि पत्र के तामीली की तिथि 15 फरवरी अंकित देखी तो उन्हें शक हुआ। संदेह के आधार पर उन्होंने चालक से पूछताछ शुरू की तो उसने बताया कि यह रिलीज आर्डर उसे अन्य दो व्यक्तियों की ओर से बनाकर दिया गया है। जिसमें निरीक्षक ने मामले की जानकारी एसपी अभिनंदन समेत अन्य उच्च अधिकारियों को दी। एसपी के आदेश पर निरीक्षक, एसआइ धर्मेंद्र व हमराहियों के साथ ट्रक के चालक को लेकर उसके बताये स्थान शहर के अशोक लाट स्थित कंप्यूटर की दुकान पर गए। जहां से उन्होंने आरोपित फुल्लन सिंह निवासी ग्राम बड़ेहा, शिवनाथ सिंह मोहल्ला गायत्री शहर व आनंद निषाद मोहल्ला इंदिरा नगर बाबा तालाब कोतवाली नगर को वाणिज्य कर विभाग का फर्जी रिलीज आर्डर बनाते गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से कंप्यूटर, प्रिंटर व वाणिज्य कर विभाग के तीन फर्जी रिलीज आर्डर, कंप्यूटर उपकरण सीपीयू, माउस व 22750 रुपये नकदी जामा तलाशी में बरामद की है। थाना निरीक्षक ने बताया कि पकड़े गए पकड़े गए आरोपित वाणिज्य कर विभाग का फर्जी रिलीज आर्डर जारी कर शासन को भारी राजस्व की क्षति पहुंचाने का कार्य करते रहे हैं। चालक व तीनो आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
